लुधियाना (जगमीत सिंह ) पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित दसवीं कक्षा के परिणामों में ग्यासपुरा क्षेत्र स्थित न्यू शिव शक्ति सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। स्कूल के होनहार छात्र शिवम नेगी ने 98% अंक प्राप्त कर पूरे पंजाब में 16वां स्थान हासिल किया।
उनकी इस उपलब्धि से न केवल स्कूल बल्कि उनके परिवार का भी गौरव बढ़ा है। स्कूल के डायरेक्टर ब्रिज मोहन जी ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा परिणाम में अन्य विद्यार्थियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। अनुज ने 90% अंक लेकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि अर्पिता ने 88% अंक हासिल कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्कूल की प्रिंसिपल दीपा ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को इस सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए आगामी कक्षाओं में और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। इस शानदार परिणाम से स्कूल में खुशी का माहौल है और पूरे इलाके में छात्रों की सफलता की चर्चा हो रही है।


