गुरमीत सिंह, लुधियाना
पंजाब के लुधियाना में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। जिसमें मदद करने के नाम पर दो युवक पहले युवती को एक कमरे में ले गए। वहां चाकू के बल पर धमका कर उसके साथ दुष्कर्म किया। अब थाना डिवीजन नंबर 7 पुलिस ने दो अज्ञात लोगों के खिलाफ आपराधिक धाराओं के तहत केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है।
एसएचओ भूपिंदर सिंह ने बताया कि यह केस जस्सियां रोड इलाके में रहने वाली 27 साल की युवती की शिकायत पर दर्ज किया गया। अपने बयान में उसने बताया कि उसके पिता का देहांत हो चुका है। वो उस पते पर अपनी मां के साथ रहती है। कभी कभार उसका उसकी मां के साथ झगड़ा हो जाता था। गत 24 जुलाई की रात भी दोनों के बीच लड़ाई हुई। मां से नाराज होकर वो अपने गांव जाने के लिए रात 10.30 बजे रेलवे स्टेशन पहुंच गई। वो लोग मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जिला माऊ, थाना हलदलपुर के गांव नवलपुर के रहने वाले हैं। वहां उसे मोटरसाइकिल सवार दो युवक मिले। उनके पूछने पर युवती ने बताया कि उसे वाराणसी जाना है। जिस पर दोनों युवकों ने उससे कहा कि उस समय वाराणसी के लिए कोई ट्रेन नहीं है। दोनों युवकों ने उसे भरोसे में लेकर कहा कि वो उसे उसके घर छोड़ देंगे। उनकी बातों में आकर वो उनके साथ मोटरसाइकिल पर बैठ गई। मगर उसे घर ले जाने की जगह दोनों उसे ताजपुर रोड में गुरु रामदास नगर इलाके के एक मकान में ले गए। जहां दोनों ने उसे डरा धमका कर मारपीट की। फिर चाकू से मार देने की धमकी देकर दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसे वहीं छोड़ कर भाग खड़े हुए। भूपिंदर सिंह ने कहा कि आरोपियों का पता लगाने के लिए सेफ सिटी कैमरों की मदद ली जा रही है। जल्दी ही दोनों को काबू कर लिया जाएगा।




