नेशनल न्यूज रिपोर्ट
पंजाब की दो नगर निगमों में अच्छा रसूख रखने वाले एक करोड़पति एमटीपी आजकल जांच के दायरे में आ फंसे हैं। उक्त एमटीपी ने आय से अधिक संपति जुटाई हैं, ऐसी एक शिकायत लोकल गर्वमेंट सेक्रेटरी के पास पहुंची है। इस शिकायत में उसकी ओर से जुटाई प्रॉपर्टी के ब्यौरे ने सबको चौंका कर रख दिया है। लोकल गर्वमेंट सेक्रेटरी अजॉय शर्मा ने भी इस शिकायत में लंबी चौड़ी प्रॉपर्टी ब्यौरे को देख उक्त मामले की इंक्वायरी लगा दी है और इसकी जांच का जिम्मा सीवीओ पंजाब राजीव सेखड़ी को दिया गया है। आपको बता दें ये शिकायत जालंधर के करणप्रीत सिंह की ओर से एमटीपी नरिंदर शर्मा के खिलाफ दी गई है। नरिंदर शर्मा ने बतौर एमटीपी अपनी डयूटी का अधिक कार्यकाल केवल अमृतसर व जालंधर में ही दिया है और इस समय अमृतसर में उनके साथ एमटीपी मेहरबान सिंह भी हैं। इन दोनों एमटीपी में भी एक म्यान में दो तलवारों वाली स्थिति अक्सर बनी रहती है। नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच से संबंधित बहुत से एमटीपी हमेशा से ही करोड़ों की प्रॉपर्टी बनाने के दायरे में आते रहे हैं, लेकिन नरिंदर शर्मा के खिलाफ जो खुलासे सामने आ रहे हैं, उसनें कईंयों को चौंका कर रख दिया है।
एमटीपी ने नाजायज तरीके से पैसे कमाए
शिकायत में कहा गया है कि उक्त एमटीपी ने नाजायज तरीके से पैसे कमाए हैं। जिससे उन्होंने अपनी पत्नी और रिश्तेदारों के नाम पर अकूत संपत्ति बनाई है। करणप्रीत की शिकायत के बाद इसकी जांच विभागीय विजीलैंस को सौंपी गई है। जिससे उक्त एमटीपी के खिलाफ जांच शुरू हो गई है। स्थानीय निकाय विभाग के अलावा उक्त एमटीपी के खिलाफ ईडी और इनकम टैक्स विभाग में शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता के मुताबिक इनकम टैक्स विभाग की तरफ से एमटीपी को नोटिस भेजा गया है। जल्द ही इस मामले में बड़ी कार्रवाई हो सकती है।
पंजाब और हिमाचल में कई संपत्तियां
सैंट्रल एजैंसी को भेजी गई शिकायत के मुताबिक उक्त अफसर की अमृतसर, गुरदासपुर, डलहौजी और खरड़ में अरबों की संपत्तियां हैं। ज्यादातर संपत्तियां अमृतसर में है। शिकायत के मुताबिक ज्यादातर संपत्तियां उक्त अफसर ने अपने दोस्तों, अपनी पत्नी और पारिवारिक सदस्यों के नाम पर ले रखी है। सूत्र बता रहे हैं कि उक्त बिल्डिंग ब्रांच का अफसर स्कूल भी चलाता है। अफसर की पत्नी के नाम पर स्कूल और अस्पताल है। इस स्कूल की प्रिंसीपल खुद इस अफसर की पत्नी है। इसके अलावा कई कालोनियां उक्त अफसर ने काटी है। डलहौजी में कामर्शियल बिल्डिंग हैं। उक्त अफसर ने भारत-पाक सीमा पर अटारी के पास करीब 40 एकड़ जमीन भी खरीदी है। जलियांवाला बाग के पास एक होटल भी इसका है। इसे लेकर सैंट्रल एजैंसी को शिकायत भेजी गई है। उक्त अफसर का पूरा कच्चा चिट्ठा सैंट्रल एजैंसी के पास भेजा गया है। इस शिकायत में कितनी सच्चाई है, इसकी किसी तरह की कोई पुष्टि ई न्यूज पंजाब वैब चैनल नहीं करता। इसकी पूरी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आ पाएगी।
–लुधियाना नगर निगम में बनी हुई है उल्ट स्थिति
जहां एक ओर अमृतसर शहर में दो एमटीपी नगर निगम में तैनात होने से एक म्यान में दो तलवारों वाली स्थिति हैं, लेकिन लुधियाना में भी दो एमटीपी होने के बावजूद इसके उल्ट स्थिति है। इसका कारण है कि इनमें एक एमटीपी किसी भी तरह के गलत व नियमों के उल्ट कुछ भी करने को तैयार नहीं है तो दूसरा एमटीपी कुछ भी लाने को मशहूर होने लगा है। बताया जाता है कि इस एमटीपी ने दीवाली के दिनों में भी अपनी नई कुर्सी का पूरा लुत्फ उठाया है।



