दिल्ली-अमृतसर से शिमला के लिए हवाई सेवा शुरू हो गई है। एलायंस एयर की ओर से शुरू की गई इस 42 सीटर विमान सेवा के जरिये कल वीरवार सुबह 6 यात्री शिमला से अमृतसर रवाना हुए। 18 यात्री अमृतसर से शिमला पहुंचे। इस विमान सेवा का संचालन हफ्ते में तीन दिन दिल्ली से शिमला, शिमला से अमृतसर, अमृतसर से वापस शिमला, शिमला से धर्मशाला और धर्मशाला से दिल्ली के लिए होगा।
इस रूट पर हर मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को फ्लाइट उड़ेगी। इस सेवा के किराये में प्रदेश सरकार की ओर से 50 फीसदी अनुदान दिया जाएगा। अमृतसर से शिमला का किराया अनुदान के बाद 1999 रुपये तय किया गया है। 50 फीसदी सीटों पर ही अनुदान मिलेगा। अन्य सीटों पर पूरा किराया चुकाना होगा। फ्लाइट के शेड्यूल के अनुसार शिमला-अमृतसर की फ्लाइट मंगलवार, वीरवार और शनिवार को सुबह 8.20 बजे रवाना होगी और 9.20 बजे अमृतसर पहुंचेगी। अमृतसर से शिमला के लिए फ्लाइट सुबह 9.35 बजे उड़ान भरेगी और 10.35 बजे शिमला पहुंचेगी। शिमला ट्रेवल एजेंट्स एसोसिएशन के महासचिव मनु सूद ने कहा कि इस सेवा के शुरू होने से शिमला में सैलानियों की आमद बढ़ेगी▪️



