पंजाब में लुधियाना के लोहारा इलाके में रहने वाले कंप्यूटर इंजीनियर ने अपने रिश्तेदारों से अपनी जान को खतरा बताया है, मामले की शिकायत मिलने पर थाना डाबा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। अपनी शिकायत में लोहारा निवासी राजनाथ ने बताया कि उसके ताया की पिछले दिनों मौत हो गई थी। वो उत्तर प्रदेश के जिला संत कबीर नगर के पटखोली गांव में रहते थे। पता चलने पर उसने अपने चाचा को फोन किया तो उसने बताया कि ताया का संस्कार कर दिया गया है। कुछ समय बाद उसके चाचा रामजीत यादव का फोन आया, जिसमें उसने कहा कि अगर उसने गांव में कदम भी रखा तो वो उसे जान से मार देगा। एक अन्य रिश्तेदार बलिंदर यादव तथा अर्जुन यादव ने भी उसे जान से मारने की धमकियां दीं। राजनाथ ने कहा कि उसे अपने उक्त रिश्तेदारों से जान का खतरा है। जो कभी भी उसका नुकसान कर सकते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



