जम्मू में नशे को लेकर फिर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जम्मू का एक उभरता गायक (36) गैरिसन अपने घर से कुछ ही दूरी पर दुकान से अपनी दो साल की बेटी के लिए डायपर लेने गया था।
आरोप है कि तभी वहां आ धमके दो युवकों व एक युवती ने नशे के लिए गैरिसन से पैसे मांगे। मना करने पर आरोपियों ने बर्फ तोड़ने वाले सूए से ताबड़तोड़ वार करके गैरिसन की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। यह घटना जम्मू के प्रेमनगर की है, जो वहां लगे एक सीसीटीवी में भी कैद हो गई है। इस आधार पर पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। आरोपियों की उम्र 20 से 22 साल के बीच बताई जा रही है। गैरिसन एक प्रसिद्ध गायक था। उसने ‘निस्सी दा बैंड’ नाम से एक म्यूजिक बैंड बनाया हुआ था।
हत्या के चश्मदीद और गैरिसन के फुफेरे भाई मुकेश निवासी हिमाचल प्रदेश ने बताया कि वह घूमने के लिए जम्मू आया था। रविवार रात करीब ग्यारह-साढ़े ग्यारह बजे वह और गैरिसन स्कूटी पर उसकी बच्ची के लिए डायपर लेने पास ही एक दुकान पर गए थे। उसने बताया कि गैरिसन ने दुकानदार को 500 रुपये का नोट दिया। सामान खरीदने के बाद दुकानदार ने बचे रुपये वापस दिए, जिसे गैरिसन ने हाथ में पकड़ा हुआ था। गैरिसन के हाथ में रुपये देखकर दो युवक और एक युवती जो मोहल्ले के ही बताए जा रहे हैं, पास आए और उससे रुपये की मांग करने लगे। देखने से तीनों नशे में धुत नजर आ रहे थे।
गैरिसन ने उन्हें रुपये देने से इनकार कर दिया। इस पर युवकों ने फोन कर कुछ और लोगों को मौके पर बुला लिया। युवकों के पास सुआ व अन्य तेजधार हथियार थे, जिससे उन्होंने गैरिसन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने मुकेश पर भी लात-घूसों से हमला किया।
चश्मदीद मुकेश ने बताया कि गैरिसन पहले से बीमार था। उसकी किडनी खराब थी, जिसका उपचार चल रहा था। हमले के बाद गैरिसन के शरीर के भीतर चोट के कारण खून का रिसाव हो रहा था। उसे गंभीर हालत में जीएमसी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई।
एसडीपीओ जम्मू सिटी नार्थ विक्रम सिंह ने कहा कि गैरिसन की हत्या में शामिल एक युवती डायना को गिरफ्तार कर लिया गया है। दो लोग फरार हैं, जिनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। आज यानी बुधवार को गैरिसन के शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। इस बीच, आरोपी बेकम और गोनी की तलाश के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है। डायना से भी पूछताछ हो रही है।
पंजाबी व बॉलीवुड के कई कालाकारों के साथ कर चुका काम
गैरिसन ने करीब एक दशक पूर्व अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर निस्सी दा बैंड स्थापित किया था। कुछ ही समय में उसका बैंड प्रसिद्ध हो गया था। वह चंडीगढ़, दिल्ली और मुंबई में शो करने के लिए जाया करता था। कई नामी पंजाबी व बॉलीवुड के कलाकार गैरिसन के साथ मंच साझा कर चुके हैं। पिछले माह गैरिसन की बेटी फलोना दो वर्ष की हुई थी। गैरिसन ने बड़ी धूमधाम के साथ उसका जन्म दिन मनाया था। गैरिसन की पत्नी काजल, पिता मार्शल गार्ज और माता नसरीन गार्ज भी इस पार्टी में शामिल थे। किसी ने नहीं सोचा था कि कुछ दिन में गैरिसन उन्हें छोड़कर चला जाएगा।





