उत्तर प्रदेश के बांदा (पहले बाराबांकी) की महिला जज की वायरल चिट्ठी का सुप्रीम कोर्ट ने संज्ञान लिया है। बांदा की महिला जज की चिट्ठी पर सुप्रीम कोर्ट ने दखल दिया है और सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ ने इलाहाबाद हाईकोर्ट से इस मामले में स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। दरअसल, बांदा जिले की महिला सिविल जज ने भारत के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ से अपना जीवन समाप्त करने की अनुमति मांगी है। इस संबंध में उन्होंने एक पत्र भेजा है, जिसमें जिला जज द्वारा यौन उत्पीड़न करने का गंभीर आरोप भी लगाया है।
रात में मिलने को कहते हैं…यूपी की महिला जज ने CJI को खत लिख मांगी इच्छामृत्यु
सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार की देर रात चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ ने सुप्रीम कोर्ट के सेकेट्री जनरल अतुल एम कुरहेकर को इलाहाबाद हाईकोरट् प्रशासन से स्टेटस रिपोर्ट मांगने को कहा. एसजी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल को पत्र लिखकर महिला जज द्वारा दी गई सारी शिकायतों की जानकारी मांगी है। साथ ही शिकायत से निपटने वाली आंतरिक शिकायत समिति के समक्ष कार्यवाही की स्थिति के बारे में पूछा है। बता दें कि महिला जज की चिट्ठी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने यह कदम उठाया है.



