
लुधियाना में रिटायर्ड ACP और SHO के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर तीन की पुलिस ने FIR दर्ज की है। इन दोनों पर बिना जांच के FIR दर्ज करने और शिकायतकर्ता का पिस्टल कब्जे में लेकर वापस न लौटाने का आरोप है। इनके खिलाफ 29 नवंबर 2021 को शिकायत दी गई थी। मामले की छानबीन के बाद अब उन दोनो पर मामला दर्ज हुआ है।
मोहल्ला बाबा थान सिंह चौक के रहने वाले जसप्रीत सिंह ने पुलिस के उच्च अधिकारियों को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया था कि साल 2015 में रंजिश के चलते उसके पड़ोसियों ने उसके खिलाफ हवाई फायरिंग करने के संबंध में एक बेबुनियादी शिकायत दर्ज करवाई थी।
मामले की बिना जांच किए थाना डिवीजन नंबर तीन में उसके खिलाफ FIR दर्ज कर दी गई थी। उस समय थाने में रणधीर सिंह बतौर इंस्पेक्टर तैनात थे। बाद में वह ACP बन गए थे। उनके बाद थाने में इंस्पेक्टर सतीश कुमार आए। जसप्रीत सिंह ने आरोप लगाया कि रणधीर सिंह
ने उसका 12 बोर का रिवॉल्वर असलाह लाइसेंस और 10 जिंदा कारतूस गैरकानूनी तरीके से मालखाने में रखवा दिए और बाद में अपने पास रख लिए।
जसप्रीत सिंह का आरोप है कि यह सब कुछ दोनों अधिकारियों की मिलीभगत से हुआ। केस खत्म होने के बाद भी उसका 32 बोर का हथियार और जिंदा कारतूस वापस नहीं दिए गए। इस मामले में जांच के बाद पुलिस के उच्च अधिकारियों ने रणधीर सिंह और सतीश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज करने की आदेश दिए।
थाना डिवीजन नंबर तीन की पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है।



