चिकित्सकों ने 20 महीने के जिस बेबी का लिवर ट्रांसप्लांट किया था वो आज खुद बन गया है एक सफ़ल डॉक्टर दिल्ली में साल 1998 में आज ही के दिन डॉक्टरों की एक टीम ने करीब 20 महीने के बच्चे संजय कंडास्वामी का लिवर ट्रांसप्लांट किया था और यह भारत में पहला सफल लिवर ट्रांसप्लांट था। वह ‘बेबी संजय’ 25 साल बाद बड़ा होकर ‘डॉक्टर संजय’ बन गया और अब शादी के बंधन में बंधने जा रहा है। अपोलो इंद्रप्रस्थ अस्पताल में हासिल की गई उपलब्धि की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर बुधवार को यहां एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में तमिलनाडु के मूल निवासी कंडास्वामी भी अपने माता-पिता के साथ शामिल हुए। 20 महीने के बच्चे के तौर पर कंडास्वामी अपने लिवर ट्रांसप्लांट को लेकर सुर्खियों में आए थे और ‘बेबी संजय’ के नाम से मशहूर हो गए थे।कार्यक्रम के बाद बातचीत में कंडास्वामी ने कहा, ‘‘मेरी हाल ही में सगाई हुई है और अगले साल मार्च में शादी है। इस ट्रांसप्लांट ने मुझे दूसरा जीवन दिया। वास्तव में, मेरी मंगेतर ने आज मुझे फोन किया और मुझे मेरे दूसरे जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।’’ अपोलो के डॉक्टरों ने कार्यक्रम में बताया कि डेढ़ साल की प्रिशा बच्चों में लिवर ट्रांसप्लांट कराने वाली 500वीं मरीज है। इस कार्यक्रम में बिहार की रहने वाली बच्ची प्रिशा भी शामिल हुई। कार्यक्रम के दौरान मशहूर अभिनेत्री डिंपल कपाड़िया ने दोनों परिवारों को सम्मानित किया▪️



