नेशनल न्यूज़ रिपोर्ट्स
वर्ल्ड कप में बड़े उलटफेर का शिकार होने वाली दक्षिण अफ्रीका की टीम विजयरथ पर सवार हो चुकी है। आज रात चेन्नई में पाकिस्तान के खिलाफ वर्ल्ड कप में अपना छठा मुकाबला खेलने उतरी दक्षिण अफ्रीका ने जीत का सिलसिला जारी रखा है। दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। पाकिस्तानी टीम आखिरी गेंद तक मैच में बनी हुई थी। लेकिन अंत में दक्षिण अफ्रीका ने जीत की हैट्रिक लगा दी.
गेंदबाजी में दक्षिण अफ्रीका ने शानदार शुरुआत की. टीम के स्टार पेसर मार्को यान्सन ने तीन विकेट हासिल किए, जिसमें दोनों ओपनर्स भी शामिल हैं. हालांकि, पाकिस्तान की तरफ से कप्तान बाबर आजम ने 65 गेंद में 50 रन की पारी खेली. इसके अलावा सऊद शकील ने 53 गेंद में 52 रन बनाए. इन दोनों बल्लेबाजों के आउट होने के बाद पाकिस्तान की टीम बड़ी मुश्किल में नजर आई.
हालांकि, शादाब खान ने मोर्चा संभाला और 43 रन की पारी खेलकर स्कोर को बूस्ट किया. जिसकी बदौलत टीम ने दक्षिण अफ्रीका के सामने 271 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया. पाकिस्तान ने गेंदबाजी में अच्छी शुरुआत की. डिकॉक, डुसेन और क्लासेन जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को पाकिस्तानी गेंदबाजों ने देर तक टिकने नहीं दिया. एक छोर से लगातार विकेट गिरते रहे लेकिन दूसरे छोर पर एडन मार्करम अंगद की तरह क्रीज पर जमे रहे. उन्होंने मुश्किल समय में टीम के लिए शानदार पारी खेली. उन्होंने 93 गेंद में 91 रन की शानदार पारी को अंजाम दिया. बदकिस्मती से वे शतक से 9 रन दूर रह गए. 41वें ओवर में मार्करम के आउट होते ही पाकिस्तान ने बाजी पलटी और देखते ही देखते साउथ अफ्रीका के 9 विकेट गिरा दिए. इस दौरान शाहीन अफरीदी और हारिस शिकंजा कसते नजर आए. लेकिन केशव महाराज ने अंत तक खड़े रहकर रोमांचक मुकाबले को अपनी टीम की झोली में डाल दिया. साउथ अफ्रीका ने इस मुकाबले में 1 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की।
पाकिस्तान की हार से भारत को हुआ नुकसान
Points Table में हुआ बड़ा फेरबदल
दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्तान के खिलाफ वर्ल्ड कप में अपने छठे मैच में आज रात 1 विकेट से रोमांचक जीत हासिल की। इसी के साथ अब अफ्रीकी टीम ने प्वाइंट्स टेबल में भारत को पहले स्थान से हटाते हुए नंबर पर काबिज हो गई है। वर्ल्ड कप का यह हार्ट अटैक 26वां मैच काफी रोमांचक तरीके से समाप्त हुआ। दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान के बीच चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मैच में अफ्रीकी टीम ने 1 विकेट से जीत दर्ज की। इसी के साथ अब साउथ अफ्रीका ने Points Table में 10 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल कर लिया है। इससे पहले भारतीय टीम इस नंबर पर काबिज थी जो अफ्रीकी टीम की जीत के बाद अब दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। अफ्रीका अब 6 मैचों में पांच जीत हासिल कर चुकी है वहीं उनका नेट रनरेट भी 2.032 का है। भारतीय टीम ने अब तक वर्ल्ड कप में पांच मैच खेलते हुए सभी में जीत हासिल की है, वहीं उनका नेट रनरेट भी 1.353 का है। टीम इंडिया यदि कल रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले मैच में जीत हासिल करती है तो फिर से नंबर-1 की कुर्सी पर काबिज हो जाएगी। Points Table में तीसरे और चौथे स्थान पर न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया की टीम है। दोनों ही टीमों ने अब तक 5-5 मैच खेले हैं जिसमें कीवी टीम के 8 अंक हैं तो वहीं ऑस्ट्रेलिया के छह अंक हैं। पाकिस्तान की टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार के बावजूद अभी भी Points Table में चार अंकों के साथ छठे नंबर पर है, हालांकि उनके सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद लगभग खत्म हो गई है।
ब्यूरो रिपोर्ट टीम एनएनआर



