नैशनल न्यूज रिपोर्टस
लुधियाना के पक्खोवाल रोड स्थित महाराजा रणजीत सिंह नगर में पूर्व मंत्री जगदीश सिंह गरचा, उनकी पत्नी व अन्य को बेसुध कर उनके घर में लाखों की चोरी की गई। पूर्व मंत्री, उनकी पत्नी व दो नौकरानी अभी बेसुध हैं। इलाज के लिए चारों को अस्पताल में दाखिल कराया गया है। पुलिस को घर में काम करने वाले नौकर पर वारदात का शक है। आशंका है कि रात को घर में मौजूद लोगों को खाने में कोई नशीला पदार्थ खिलाया गया था।

पूर्व पूर्व मंत्री जगदीश सिंह गरचा के पड़ोसी भाजपा नेता जगमोहन शर्मा ने बताया कि जगदीश गरचा का शरीर ठंडा पड़ गया था और उनकी हालत गंभीर है। कालोनी निवासियों ने मौके पर जाकर देखा तो सभी दंग रह गए। घर के अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। घर में गरदीश गरचा उनकी पत्नी और दो नौकरानियां भी बेसुध मिलीं। उनके बेटे बोबी गरचा को भी सूचित कर दिया है। बोबी किसी काम के सिलसिले में पंजाब से बाहर गया हुआ है।
भाजपा नेता गौरव शर्मा ने बताया कि सुबह पुलिस के सीनियर अधिकारियों को करीब 5 से 6 बार काल की, लेकिन किसी ने उनकी काल नहीं उठाई। घटना के करीब 1 घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल जगदीश गरचा को पंचम अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। थाना सदर की पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक इलाके के सीसीटीवी कैमरे आदि खंगाले जा रहे हैं। बौबी के पहुंचने पर आरोपी नौकर मामले के बारे में जानकारी मिल सकेगी।
पुलिस को नौकर की फोटो की तलाश

पुलिस कमिश्नर सिद्धू मुताबिक नौकर की फोटो की तलाश पुलिस कर रही है। इलाके में कुछ दुकानों व अन्य जगहों पर भी कैमरे आदि चेक किए जा रहे है। गरचा के बेटे बोबी को साथ लेकर पुलिस कुछ लोकेशन पर जाएगी। जहां कही भी नौकर किसी दुकान वगैरह पर सामान लेने गया। पुलिस के लिए इस समय सबसे बड़ी चुनौती नौकर की फोटो बनी हुई है।
रात के खाने में मिलाया था नशीला पदार्थ
पुलिस कमिश्नर मनदीप सिंह सिद्धू ने बताया कि नौकरानी के होश में आने के बाद उसने बताया कि रात को नौकर ने अलग-अलग समय पर सभी को खाना दिया था। जैसे-जैसे परिवार के सदस्य खाना खाते गए सभी बेसुध होकर गिर गए।
3 महीने पहले रखा था नौकर
अभी तक की जांच में सामने आया है कि नौकर को 3 महीने पहले रखा था। मगर उसकी पुलिस वेरिफिकेशन नहीं हुई थी। पुलिस के लिए इस समय नौकर की तस्वीर ढूंढना बड़ा चैलेंज है। क्योंकि उसकी तस्वीर किसी के पास नहीं है। रात के खाने के सैंपल भी फोरेंसिक टीम ने ले लिए है।
नैशनल न्यूज रिपोर्टस



